उदयपुर विधायक के बयान पर मुस्लिम समाज क्षुब्ध, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
उदयपुर विधायक के बयान पर मुस्लिम समाज क्षुब्ध, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग


उदयपुर, 27 अगस्त (हि. स.)। उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन द्वारा पिछले दिनों मुस्लिम कालोनियों खांजीपीर और आयड़ क्षेत्र के संबंध में सार्वजनिक रूप से दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान पर मुस्लिम समाज ने क्षुब्धता जाहिर की है। समाज की प्रमुख संस्था अंजुमन तालीमुल इस्लाम, उदयपुर की ओर से जिला कलेक्टर को ज्ञापन प्रस्तुत कर इस बयान की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।

ज्ञापन में कहा गया कि सार्वजनिक रूप से दिए गए उक्त कथनों से उदयपुर के मुस्लिम समाज और संबंधित क्षेत्रों के निवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं तथा इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है। संस्था का कहना है कि किसी समुदाय के निवास क्षेत्र अथवा नागरिकों के लिए ऐसे शब्दों का प्रयोग, जो उन्हें अपमानजनक या विभाजनकारी रूप में प्रस्तुत करें, समाज में गलत संदेश दे सकते हैं।

अंजुमन तालीमुल इस्लाम ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी राजनीतिक विचारधारा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार है, लेकिन किसी समुदाय विशेष की कालोनियों अथवा निवास क्षेत्रों के संदर्भ में ऐसी भाषा का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए, जिससे भेदभाव, वैमनस्यता या आपसी सौहार्द को नुकसान पहुंचे।

संस्था ने जिला प्रशासन से मांग की है कि संबंधित बयान की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच कराई जाए तथा यदि जांच में संविधान, भारतीय न्याय संहिता अथवा अन्य प्रासंगिक कानूनों का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।

अंजुमन तालीमुल इस्लाम ने स्पष्ट किया कि संस्था का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध विवाद खड़ा करना नहीं, बल्कि उदयपुर शहर में शांति, भाईचारा, सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द बनाए रखना है।

ज्ञापन देने वालों में अंजुमन तालीमुल इस्लाम, उदयपुर के अध्यक्ष मुख्तार अहमद कुरैशी तथा सचिव एडवोकेट मुस्तफा शेख शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story