रिमझिम फुहारों में झूम उठा हरियाली अमावस्या का मेला

WhatsApp Channel Join Now
रिमझिम फुहारों में झूम उठा हरियाली अमावस्या का मेला


उदयपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। आसमान से बरसती रिमझिम फुहारें...मेले में उमड़ती भीड़...चकरी-डोलर की तेज रफ्तार और मालपुए-पकौड़ी की खुशबू। उदयपुर में ऐतिहासिक हरियाली अमावस्या का मेला बुधवार को कुछ ऐसे ही खुशनुमा माहौल में सजा। बारिश ने भले ही दिनभर दस्तक दी, लेकिन शहरवासियों और आसपास के गांवों से पहुंचे लोगों के उत्साह पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। शाम होते-होते सहेलियों की बाड़ी मार्ग से लेकर फतहसागर की पाल तक मेला लोगों से खचाखच भर गया।

सुबह से ही परिवारों और दोस्तों के साथ लोगों के मेले में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। बच्चों के साथ बड़ों ने भी चकरी और डोलर में झूलने का जमकर आनंद लिया। आसमान में बादल और बीच-बीच में गिरती फुहारों के बीच झूलों की रफ्तार और लोगों की हंसी ने मेले के माहौल को और रंगीन बना दिया।

मेले में खरीदारी के साथ खान-पान का भी लोगों ने खूब आनंद लिया। कहीं गर्मागर्म मालपुए और पकोड़ी का स्वाद लिया गया तो कहीं खस्ता पापड़ी, घेवर और आइसक्रीम के ठेले लोगों को आकर्षित करते रहे। बारिश के बावजूद खान-पान की दुकानों और झूलों के आसपास पूरे दिन भीड़ बनी रही।

शहर में मंगलवार रात से ही रिमझिम बारिश का दौर जारी है। बुधवार को भी दिनभर रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही। ठंडी हवाओं और फुहारों ने मौसम को सुहाना बना दिया। उमस से राहत मिलने के कारण मेले में पहुंचे लोगों का उत्साह और बढ़ गया। मेले के लिए यूडीए कार्यालय के बाहर से सहेली मार्ग और सुखाड़िया सर्कल तक जगह-जगह दुकानें और स्टॉल लगाए गए हैं।

उदयपुर का हरियाली अमावस्या मेला करीब 127 साल पुरानी परंपरा का हिस्सा है। इसकी शुरुआत 1899 में महाराणा फतह सिंह के समय हुई थी।

मेले का दूसरा दिन गुरुवार को महिलाओं के लिए विशेष रहेगा। फतहसागर की पाल और सहेलियों की बाड़ी में महिलाओं को प्रवेश दिया जाएगा। सास-बहू, ननद-भोजाई और सखी-सहेलियां साथ पहुंचकर खरीदारी और मेले का आनंद लेंगी। मेवाड़ की परंपरा में महिलाओं के इस विशेष मेले का अपना अलग महत्व रहा है।

इस बीच, लगातार बारिश के कारण फतहसागर किनारे मोती मगरी की पहाड़ी से कुछ पत्थर दरक कर नीचे आ गिरे। इस कारण वहां सड़क किनारे स्टाल लगाकर खाद्य सामग्री बेचने वाले तीन लोग घायल हो गए। मेलार्थियों ने भी तुरंत सजगता दिखाई और प्रशासन की राहत टीम ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story