दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में जीजा-साला समेत 3 की मौत, एक गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में जीजा-साला समेत 3 की मौत, एक गंभीर घायल


उदयपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। उदयपुर जिले के ओगणा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में जीजा-साला समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गोगुंदा-ओगणा मार्ग पर झाग गांव के पास करीब दो बजे हुआ। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद गोगुंदा से उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार झाग गांव निवासी शंभूराम पुत्र होमाराम, छगनलाल पुत्र देवा गमेती और कुंती कालेवा निवासी बाटूराम पुत्र हुसा गरासिया एक ही बाइक पर सवार होकर झाग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से ओगणा की तरफ से गोगुंदा आ रहे होनाराम पुत्र नवाराम की बाइक से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार उछलकर करीब 20 फीट दूर जा गिरे। हादसे में शंभूराम, छगनलाल और बाटूराम को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं होनाराम की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना पर ओगणा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को गोगुंदा अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि मृतक शंभूराम और छगनलाल जीजा-साला थे। तीनों युवक सिरोही की एक फैक्ट्री में काम करते थे और रक्षाबंधन पर घर आए हुए थे। हादसे से परिवारों में मातम पसरा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story