ट्रेलर से भिड़ी कार, युवक की मौके पर मौत

WhatsApp Channel Join Now
ट्रेलर से भिड़ी कार, युवक की मौके पर मौत


उदयपुर, 12 मई (हि.स.)। उदयपुर जिले के हादसों के लिए कुख्यात गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मदारड़ा कट पर उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और ट्रेलर भी सड़क किनारे उतर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार राहुल पुत्र थाणाराम जाट निवासी नेतराड, थाना चौहटन, जिला बाड़मेर कार से उदयपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान मदारड़ा कट के पास तेज गति के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए विपरीत दिशा में पहुंच गई। सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और राहुल वाहन में बुरी तरह फंस गया। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद युवक के शव को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला। सूचना पर हाईवे पेट्रोलिंग टीम के भगवत सिंह झाला एवं गोगुंदा थाने के एएसआई भरत सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति संभाली।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर थाने में खड़ा करवाया गया है। मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार बुधवार को परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story