त्यागी बाबा की प्रथम पुण्यतिथि पर मथुरा में नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
त्यागी बाबा की प्रथम पुण्यतिथि पर मथुरा में नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन


बीकानेर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उपनगर सुजानदेसर स्थित रामझरोखा कैलाशधाम के पीठाधीश्वर राष्ट्रीय संत सरजूदासजी महाराज के गुरुदेव श्रीश्री 108 महंत श्यामदास जी महाराज (त्यागी बाबा) की प्रथम पुण्यतिथि पर मथुरा में नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन किया जाएगा। इसमें श्रीमद्भागवत कथा, श्री हनुमंत महायज्ञ, विराट संत सम्मेलन और भजन संध्या सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे।

महामंडलेश्वर सरजूदास जी महाराज ने बताया कि परम पूज्य सियाराम महाराज की कृपा और रामदास जी महाराज के सान्निध्य में आयोजन 23 से 31 अक्टूबर तक मथुरा के बहुलावन बाटी स्थित सीताराम मंदिर महावीर बाग में होगा। श्रीमद्भागवत कथा का वाचन वृंदावन धाम, मथुरा के डॉ. श्यामसुंदर पाराशर करेंगे। कथा प्रतिदिन दोपहर दो से शाम पांच बजे तक होगी।

आयोजन को लेकर रामझरोखा कैलाशधाम आश्रम की ओर से हनुमानजी महाराज, रामदेव जी महाराज, नर्मदेश्वर महादेव, गुरु महाराज, लक्ष्मीनाथजी मंदिर, गणेशजी महाराज, कोडमदेसर भैरुजी और देशनोक करणी माता सहित अन्य मंदिरों में निमंत्रण पत्रिका अर्पित की गई।

सरजूदास जी महाराज ने बताया कि 30 अक्टूबर को रात आठ से 11 बजे तक श्रीकुंजबिहारी हरिदास जी महाराज और 31 अक्टूबर को बाबा चित्र-विचित्र जी महाराज की ओर से भजन संध्या आयोजित की जाएगी। हनुमंत महायज्ञ और विराट संत सम्मेलन में देशभर से संत, जगद्गुरु और धर्माचार्यों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि सरजूदास जी महाराज महंत श्यामदास जी महाराज (त्यागी बाबा) के शिष्य रहे हैं और मथुरा के बाटी बहुलावन स्थित त्यागी बाबा आश्रम के पीठाधीश्वर का दायित्व भी संभाल रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story