एसी सर्विसिंग के दौरान ब्लास्ट में दो युवक गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
एसी सर्विसिंग के दौरान ब्लास्ट में दो युवक गंभीर घायल


जयपुर, 08 मई (हि.स.)। महेश नगर थाना इलाके के स्वेज फार्म स्थित एडवोकेट के घर पर शुक्रवार शाम एसी सर्विसिंग के दौरान हुए तेज धमाके में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। ब्लास्ट इतना जबरदस्त था कि एसी के परखचे दूर-दूर तक बिखर गए और छत पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार घटना शाम करीब साढ़े चार बजे की है। महेश नगर इलाके में एक मकान की छत पर दो युवक एसी की सर्विसिंग कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एसी में तेज ब्लास्ट हो गया। धमाके की चपेट में आने से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में लाल बाबू (40) के चेहरे पर गंभीर चोट आई, जबकि रामेश्वर चौधरी (35) के पैर में गंभीर घाव हुए हैं। धमाका इतना तेज था कि छत पर खून बिखर गया और एसी के टुकड़े दूर तक जा गिरे। सूचना मिलने पर महेश नगर थाना प्रभारी सुरेश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल दुर्लभजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

थाना प्रभारी सुरेश यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक गोपाल गुप्ता एडवोकेट के घर पर एसी की सर्विसिंग कर रहे थे। इसी दौरान तकनीकी कारणों से एसी में ब्लास्ट हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने भी धमाके की तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में सहयोग किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story