कार-बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
कार-बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत


कार-बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत


बाड़मेर, 27 सितंबर (हि.स.)। बाड़मेर में रविवार सुबह जैसलमेर-बाड़मेर राष्ट्रीय राजमार्ग-68 पर भाडखा के पास कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि कार सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायल काफी देर तक क्षतिग्रस्त कार में ही फंसे रहे। घायलों को बाद में पुलिस की मदद से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

बाड़मेर ग्रामीण थाना अधिकारी जसवंतसिंह राजपुरोहित के अनुसार

गुजरात के सूरत निवासी राहुल (28) पुत्र रमेश भाई प्रजापति अपने तीन दोस्तों मोहित कुमार, पार्थ वरिया और आकाश के साथ स्विफ्ट कार से 15 दिन घूमने के लिए निकला था। चारों दोस्त गुरुवार रात सूरत से रवाना हुए थे। जैसलमेर के सम क्षेत्र में घूमने के बाद शनिवार रात करीब 12 बजे वे बाड़मेर के लिए रवाना हुए थे।

रविवार सुबह भाडखा के पास पहुंचने पर सामने से आ रही बाइक से उनकी कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। बाइक पर तिरसिंगड़ी निवासी छोगाराम (20) पुत्र श्रवण राम सवार था। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा।

हादसे में कार सवार राहुल और बाइक सवार छोगाराम की मौत हो गई। वहीं मोहित, पार्थ और आकाश गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल आकाश के अनुसार चारों दोस्तों ने करीब 15 दिन घूमने का कार्यक्रम बनाया था। रविवार सुबह हादसे से पहले उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे एक पेट्रोल पंप पर करीब चार-पांच घंटे रुककर आराम किया था। वहां से रवाना होने के कुछ ही दूरी बाद सामने से बाइक आने पर दोनों वाहनों की टक्कर हो गई।

हादसे के बाद घायलों ने मौके पर मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई।

आकाश का आरोप है कि आसपास लोग मौजूद होने के बावजूद उन्हें कार से बाहर निकालने में तत्काल मदद नहीं मिली और वे काफी देर तक वाहन में ही फंसे रहे। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए हैं। बताया गया कि छोगाराम जैसलमेर के फतेहगढ़ जा रहा था और वह पेंटर का काम करता था। वहीं राहुल सूरत में कार सजावट का काम करता था। हादसे में घायल आकाश सूरत में रेस्टोरेंट संचालित करता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story