दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत
नागौर, 02 मई (हि.स.)। जिले के खींवसर क्षेत्र के माडपुरा गांव के पास शनिवार को दो बाइक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और घायल काफी देर तक तड़पते रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक बाइक पर सवार युवक दातिना गांव से खींवसर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान माडपुरा के निकट सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए और सभी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही खींवसर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खींवसर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दातीना निवासी भंवराराम (32) को मृत घोषित कर दिया, जबकि माडपुरा निवासी पप्पूराम (30) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल दुर्गाराम (29) और ओमाराम (49) की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है।
वहीं श्रवणराम (30) का इलाज खींवसर अस्पताल में जारी है।
इस हादसे में पिता-पुत्र भी शिकार हुए। मृतक पप्पूराम के पिता ओमाराम गंभीर रूप से घायल हैं। पप्पूराम पेशे से खाती (बढ़ई) का कार्य करता था और उसके पीछे एक छोटी बेटी है। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं दूसरे मृतक भंवराराम मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और दो छोटे बेटे हैं।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाया तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

