मेड़ता से जोधपुर आ रही ट्रेन से गिरे दो युवक : तीन मोबाइल मिले
एमडीएम अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम, पहचान हुई
जोधपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मेड़ता से जोधपुर की तरफ आ रही एक ट्रेन से दो युवक गिर गए। हादसे में दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना शुक्रवार सुबह की है। पहचान के बाद शवों को एमडीएम अस्पताल भिजवाया गया, जहां आज उनका पोस्टमार्टम करवा परिजन को सुपुर्द किया गया। मृतकों के पास में तीन मोबाइल भी मिले है, जिनकी पुलिस अब जांच कर रही है। वे ट्रेन से गिरे अथवा अन्य कोई कारण रहा फिलहाल पुलिस की गहनता से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया ट्रेन से गिरना बताया गया है। दोनों मृतक ओसियां के रहने वाले थे।
बनाड़ थानाधिकारी सुरेश सारण ने बताया कि शुक्रवार की सुबह सवा आठ बजे के आसपास पुलिस को सूचना मिली कि कुतड़ी बनाड़ रेलवे फाटक के पास ट्रेन के नजदीक दो युवकों के शव पड़े है। इस पर पुलिस वहां मयजाब्ते के पहुंची। बाद में उनके कपड़ों आदि की तलाशी ली गई। पुलिस ने उनके फोटो भी सोशल मीडिया पर डाले। इस पर बाद में उनकी पहचान ओसियां के हाणिया निवासी 18 साल के भूपेंद्र पुत्र खेमाराम और ओसियां जाटीपुरा निवासी जितेंद्र पुत्र राणाराम मेघवाल के रूप में हुई।
थानाधिकारी सुरेश सारण के अनुसार पास में तीन मोबाइल फोन मिले थे, साथ ही उनके ट्रेन से गिरने का प्रथम दृष्टया पता लगा है। ट्रेन संख्या 14/804 है। जोकि मेड़ता से जोधपुर की तरफ आ रही थी। मृतक जितेंद्र के पिता राणाराम की तरफ से फिलहाल मर्ग मेें रिपोर्ट दी गई है। अग्रिम अनुसंधान जारी है। शवों का शनिवार काे पोस्टमार्टम करवाया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

