साथ रहने की इच्छा जताने के बाद थाने के बाहर दो युवतियों ने जहर खाया, अस्पताल में भर्ती

WhatsApp Channel Join Now
साथ रहने की इच्छा जताने के बाद थाने के बाहर दो युवतियों ने जहर खाया, अस्पताल में भर्ती


कोटा, 23 सितंबर (हि.स.)। कोटा ग्रामीण क्षेत्र में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब दो युवतियों ने थाने के बाहर जहर खा लिया। दोनों युवतियां कुछ देर पहले ही थाने पहुंची थीं और उन्होंने एक-दूसरे के साथ रहने तथा शादी करने की इच्छा जताई थी। परिवार की सहमति नहीं होने पर पुलिस ने दोनों के बालिग होने के कारण उन्हें वापस भेज दिया था। इसके कुछ देर बाद दोनों दोबारा थाने के बाहर पहुंचीं और जहर खा लिया।

पुलिस के अनुसार दोनों युवतियां मौसेरी बहनें हैं और करीब पांच महीने पहले घर छोड़कर सवाई माधोपुर चली गई थीं। वहां दोनों किराए का कमरा लेकर रह रही थीं और काम भी कर रही थीं। परिजनों ने उनके घर से जाने के बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

मंगलवार शाम दोनों स्वयं थाने पहुंचीं, जिसके बाद पुलिस ने उनके परिजनों को भी बुलाया। पुलिस ने दोनों युवतियों के बयान लिए। उन्होंने बताया कि वे एक-दूसरे से प्यार करती हैं और साथ रहना चाहती हैं। दोनों ने शादी करने की इच्छा भी जताई, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे।

थानाधिकारी के अनुसार दोनों युवतियां बालिग होने के कारण पुलिस ने उन्हें उनके परिवार के साथ वापस भेज दिया। थाने से जाने के कुछ देर बाद दोनों फिर वहां पहुंचीं और बाहर जहर खा लिया। पुलिस ने दोनों को बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story