बाइक सवार तीन दोस्तों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, दो युवकों की मौके पर ही मौत
भरतपुर, 06 मई (हि.स.)। भरतपुर जिले के सेवर थाना क्षेत्र में देर रात जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन दोस्तों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। भीषण दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बहनेरा गांव के पास रात में हुआ।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान नीशू कटारा (27) और आकाश चौधरी (27) निवासी सिकंदरा, आगरा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं घायल विनीत (23) निवासी फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) है, जिसका आरबीएम अस्पताल के आईसीयू में इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि हादसे में विनीत का पैर कटकर अलग हो गया।
तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर भरतपुर शहर की ब्रज नगर कॉलोनी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। शादी स्थल से करीब पांच किलोमीटर पहले ही यह भीषण हादसा हो गया। पुलिस ने बताया कि तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि शवों के हाथ-पैर तक कटकर अलग हो गए और घटनास्थल पर चारों ओर खून बिखर गया। बाइक भी कई मीटर दूर जाकर गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सेवर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित ट्रक चालक को हादसे के कुछ घंटों के भीतर ही करीब चार किलोमीटर दूर पुलिस नाकाबंदी के दौरान हिरासत में ले लिया।
घटना के बाद पुलिस शवों को आरबीएम अस्पताल की इमरजेंसी में छोड़कर चली गई, जिसके बाद परिजनों ने पहुंचकर दोनों शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया। हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

