राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय

WhatsApp Channel Join Now
राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय


राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय


राजसमंद, 1 दिसंबर (हि.स.)। जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर विभाग अपने कार्यालय में यह स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करे कि किस कार्य के लिए किस अधिकारी या कार्मिक से संपर्क करना है, ताकि आमजन को इधर-उधर भटकना न पड़े। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए, उनकी बात ध्यान से सुनी जाए और सेवा में कोई अनावश्यक विलंब न हो।

कलेक्टर ने कहा कि हर नागरिक के प्रति संवेदनशील रहना हम सभी का दायित्व है और सुशासन तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक का कार्य समय पर हो। उन्होंने अधिकारियों को सेवा में गति और व्यवहार दोनों में सुधार लाने पर बल दिया। वे राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारी संबंधी समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।

बैठक में 10 दिसंबर से 25 दिसंबर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। इनमें ‘बदलता राजस्थान–बढ़ता राजस्थान’ के तहत रथों की रवानगी, नवाचार दिवस, सड़क सुरक्षा अभियान, स्वच्छता कार्यक्रम, राज्य स्तरीय समारोह एवं लाभार्थी सम्मेलन, तीन दिवसीय जिला स्तरीय विकास प्रदर्शनी, पुस्तिका विमोचन, राजकीय कार्यालयों में एक घंटे का सफाई अभियान, ग्रामीण एवं शहरी सेवा फॉलोअप शिविर, महिला सम्मेलन, किसान सम्मेलन, ‘रन फॉर विकसित राजस्थान’, युवा रोजगार दिवस, पर्यावरण संरक्षण अभियान, पर्यटन कॉन्क्लेव तथा सुशासन दिवस जैसे प्रमुख कार्यक्रम शामिल हैं।

कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि कार्यक्रमों की तैयारी समयबद्ध, समन्वित और प्रभावी तरीके से की जाए तथा अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही डीएमएफटी के अंतर्गत किए गए प्रमुख विकास कार्यों के थ्री-डी मॉडल तैयार करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि ये आयोजन केवल औपचारिक न रहें, बल्कि इनके माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी वास्तविक रूप से आमजन तक पहुंचे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Giriraj Soni

Share this story