डूडी परिवार से जिला परिषद के लिए दाे नामांकन : पहले भाई की पत्नी और अब पुत्रवधू ने भरा एक ही वार्ड से नामांकन

WhatsApp Channel Join Now
डूडी परिवार से जिला परिषद के लिए दाे नामांकन : पहले भाई की पत्नी और अब पुत्रवधू ने भरा एक ही वार्ड से नामांकन


बीकानेर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। बीकानेर जिला परिषद के वार्ड 13 से अब स्व. रामेश्वर डूडी के पुत्र अजय डूडी की पत्नी निकिता का नामांकन हाेने से संभाग मुख्यालय पर सियासी चर्चाएं तेज हाे गयीं है।

बीकानेर में पंचायत चुनाव के बीच बीकानेर की राजनीति में डूडी परिवार की दावेदारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। जिला परिषद के वार्ड संख्या 13 से स्व. रामेश्वर डूडी के परिवार की दो महिलाओं ने नामांकन दाखिल किया है। पहले स्व. रामेश्वर डूडी के भाई भगवानाराम डूडी की पत्नी रामेश्वरी देवी ने कांग्रेस की ओर से नामांकन भरा था। अब स्व. रामेश्वर डूडी के पुत्र अजय डूडी की पत्नी निकिता डूडी ने भी इसी वार्ड से अपना नामांकन दाखिल किया है। निकिता डूडी के नामांकन के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष रामनिवास तरड़, पूर्व जिला परिषद सदस्य भूपेंद्र सिंह, चरकड़ा सरपंच सवाई सिंह, रामनिवास गोदारा, सीताराम डूडी, रामनारायण ज्यानी, ब्लॉक अध्यक्ष गणपत राम बिश्नोई और पूर्व जिला प्रमुख के पति श्रीकृष्ण सिंवर सहित कई नेता मौजूद रहे।

एक ही वार्ड से परिवार की दो महिलाओं के नामांकन के बाद राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। दोनों की दावेदारी को लेकर अब सबकी नजरें आगे की चुनावी प्रक्रिया पर टिकी हैं। बीकानेर में जिला प्रमुख का पद अनारक्षित महिला के लिए निर्धारित होने के चलते डूडी परिवार की इन दावेदारियों को जिला प्रमुख पद की संभावित राजनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि, परिवार की ओर से जिला प्रमुख पद को लेकर किसी आधिकारिक दावेदारी की पुष्टि नहीं हुई है।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्व. रामेश्वर डूडी का बीकानेर की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रहा है। ऐसे में उनके परिवार से दो महिलाओं के एक ही वार्ड में नामांकन दाखिल करने के बाद पंचायत चुनाव की सियासत में इस घटनाक्रम पर विशेष नजर रखी जा रही है। अब देखना होगा कि वार्ड 13 में डूडी परिवार की दोनों दावेदारियों को लेकर आगे क्या राजनीतिक तस्वीर सामने आती है और नामांकन वापसी के बाद मुकाबले की स्थिति क्या रहती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760107 Articles

Share this story