बीस फीट गहरे गड्ढे में दबे दो मजदूर: समय रहते रेस्क्यू कर बचाई जान

WhatsApp Channel Join Now
बीस फीट गहरे गड्ढे में दबे दो मजदूर: समय रहते रेस्क्यू कर बचाई जान


जयपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। करणी विहार थाना क्षेत्र के मीणावाला स्थित अलंकार मोड़ के पास रविवार शाम नई सीवरेज लाइन का चेंबर डालने के दौरान मिट्टी ढहने से 20 फीट गहरे गड्ढे में काम कर रहे दो मजदूर दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और साथी मजदूरों की मदद से तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

थानाधिकारी हवा सिंह ने बताया कि शाम करीब पांच बजे सीवरेज लाइन का चेंबर डालने के लिए दोनों मजदूर गड्ढे में उतर कर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी धंस गई और दोनों मजदूर उसके नीचे दब गए। सूचना मिलने पर पुलिस और अन्य मजदूरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।

करीब पांच मिनट की मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई गई। पुलिस के अनुसार समय रहते रेस्क्यू किए जाने से दोनों मजदूरों की जान बच गई। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story