दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर तीन ट्रकों की टक्कर के बाद मददगारों को भी कुचला, दो की मौत, चार घायल

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर तीन ट्रकों की टक्कर के बाद मददगारों को भी कुचला, दो की मौत, चार घायल


कोटा, 09 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसा कोटा जिले के कैथून थाना क्षेत्र में बालापुरा और गोपालपुरा टोल के बीच लेन-8 पर सुबह करीब 4 बजे हुआ। यहां सड़क पर खराब हालत में खड़े एक ओपन बॉडी ट्रक से पहले एक अन्य ट्रक टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दूसरे ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर ही फंस गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे तीसरे ट्रक ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को टक्कर मार दी। इससे मौके पर मौजूद लोग भी हादसे की चपेट में आ गए।

कैथून थाना के सहायक उपनिरीक्षक बाबूलाल के अनुसार, एक्सप्रेस-वे की लेन-8 पर एक ओपन बॉडी ट्रक खराब होने के कारण खड़ा था। इसी दौरान दिल्ली की ओर से आ रहा एक ट्रक उससे टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रक का चालक केबिन में फंस गया। वहां से गुजर रहे कुछ लोग मदद के लिए रुके और चालक को बाहर निकालने का प्रयास करने लगे। इसी बीच पीछे से आए एक अन्य ट्रक ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को टक्कर मार दी। इस दूसरी टक्कर के दौरान वहां मौजूद छह लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में सचिन गुर्जर निवासी तालवा थाना कोटपूतली जिला जयपुर और जोमदीन निवासी बहरानंडा थाना राजगढ़ जिला अलवर की मौत हो गई। जोमदीन ट्रक के साथ था, जबकि सचिन गुर्जर अपना वाहन खड़ा कर दुर्घटनाग्रस्त चालक की मदद के लिए पहुंचा था। एक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मोर्चरी में लाया गया, जबकि दूसरे का पोस्टमार्टम कैथून में करवाया गया।

हादसे में इसरायल निवासी थेकड़ा, थाना विजय मंदिर जिला अलवर, बबलू निवासी गरोठ जिला मंदसौर (मध्यप्रदेश), जाकिर निवासी अलावलपुर जिला नूंह (हरियाणा) और आमिन निवासी भंडारा थाना जुरहरा, जिला भरतपुर घायल हुए हैं।

सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शुरुआती टक्कर के बाद चालक को बचाने के लिए पहुंचे लोग दूसरी टक्कर की चपेट में आ गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story