नदी में नहाने गई दो मासूम बच्चियों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

WhatsApp Channel Join Now
नदी में नहाने गई दो मासूम बच्चियों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम


बांसवाड़ा, 27 मई (हि.स.)। बांसवाड़ा जिले के आंबापुरा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नादिया गांव में नहाने गई दो मासूम बच्चियों की पानी में डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार नादिया गांव निवासी भूली पुत्री दिलीप और रजु पुत्री बापूलाल घर से नहाने के लिए निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। बच्चियों के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही आंबापुरा थानाधिकारी निर्भय सिंह राणावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पानी में सर्च अभियान चलाया गया। लंबे प्रयासों के बाद दोनों बच्चियों के शव पानी से बाहर निकाले गए।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

एक साथ दो मासूम बच्चियों की मौत से नादिया गांव में मातम पसरा हुआ है। गांव में सन्नाटा है और हर आंख नम दिखाई दे रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुभाष

Share this story