नेशनल हाईवे-325 पर दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत में दो की मौत, आठ घायल

WhatsApp Channel Join Now
नेशनल हाईवे-325 पर दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत में दो की मौत, आठ घायल


जालाेर, 29 अप्रैल (हि.स.)। जिले में बुधवार दोपहर नेशनल हाईवे-325 (बालोतरा-सांडेराव मार्ग) पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा आहोर थाना क्षेत्र के बेदाना गांव के पास दोपहर में हुआ।

पुलिस के अनुसार गुजरात नंबर की किया कैरेंस और महाराष्ट्र नंबर की होंडा बीआर-फोर कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और बोनट बुरी तरह पिचक गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

आहोर थाना कॉन्स्टेबल पुनीत देवासी ने बताया कि महाराष्ट्र नंबर की होंडा कार में कुल 10 लोग सवार थे।

हादसे में जालोर जिले के रामसीन निवासी वस्तीमल रावल और सायला निवासी श्याम रावल (56) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दिलावर (38) पुत्र रसूल भाई, भबूत सिंह (73) पुत्र गणपत सिंह, कविता (40), भरत सिंह (70), मोहनलाल (59), विमला देवी (55), मुगी देवी तथा हरीश (45) घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए तखतगढ़ के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक किया कैरेंस कार में एयरबैग्स खुल जाने से उसमें सवार लोगों की जान बच गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका तेज रफ्तार और असावधानी को हादसे की वजह माना जा रहा है। इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story