उत्तर पश्चिम रेलवे कर्मचारी संघ का दो दिवसीय जोनल अधिवेशन सम्पन्न

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर पश्चिम रेलवे कर्मचारी संघ का दो दिवसीय जोनल अधिवेशन सम्पन्न


अजमेर, 11 जनवरी (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे कर्मचारी संघ का दो दिवसीय द्विवार्षिक जोनल अधिवेशन आज आदर्श विद्या निकेतन, पुष्कर रोड, अजमेर में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय मंत्री एवं रेलवे प्रभारी अशोक शुक्ला, भारतीय रेल मजदूर संघ के राष्ट्रीय उपमहामंत्री एवं उत्तर पश्चिम रेलवे कर्मचारी संघ के प्रभारी शिवप्रसाद साव, जीईएनसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार त्रिपाठी, बीएमएस के प्रदेश महामंत्री हरिमोहन शर्मा, आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अधिवेशन में सामूहिक बीमा राशि न्यूनतम 30 लाख रुपये करने, रेलवे के सभी विभागों में अनिवार्य रोस्टर व्यवस्था एवं कार्य के घंटे 8 किए जाने, स्थाई प्रकृति के लाइव पदों का सरेंडर तत्काल बंद कर आउटसोर्सिंग रोके जाने से संबंधित प्रस्ताव पारित किए गए। इसके अतिरिक्त रेलवे पर कार्यरत कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं यथा सभी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना की बहाली और सभी विभागों की रिक्तियों को भरे जाने के संबंध में सरकार एवं रेल प्रशासन पर लगातार दबाव बनाने पर भी बल दिया गया। अधिवेशन के उत्तरार्द्ध में नई कार्यकारिणी का चुनाव भी संपन्न हुआ।

नई कार्यकारिणी में दीपेश कुमार मौर्य अध्यक्ष, लखपत सिंह पुरोहित, भारत सिंह एवं प्रकाश मीना उपाध्यक्ष, मुकेश कुमार शर्मा महामंत्री, विष्णु कुमार शर्मा, कमलेश टाक उप महामंत्री, विनय कुमार झा कोषाध्यक्ष तथा जगदीश कुमार शर्मा, अवधेश कुमार मिश्रा, शत्रुघ्न गुप्ता, शिव शंकर, मुकेश पलसानिया, नरवर सिंह, अजय कुमार त्रिपाठी कार्यसमिति सदस्य चुने गए। अधिवेशन में पूरे जोन से सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्साह पूर्वक भाग लिया और संगठन के कार्यों को ऊंचाई पर ले जाने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story