सलूंबर में 18 घंटे में दो चचेरी बहनों की मौत, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
सलूंबर में 18 घंटे में दो चचेरी बहनों की मौत, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट


सलूंबर, 24 अप्रैल (हि.स.)। सलूंबर जिले के लसाड़िया क्षेत्र के खजूरी पंचायत स्थित कुंडा गांव में 18 घंटे के भीतर दो चचेरी बहनों की मौत से गांव में दहशत का माहौल है। दोनों बच्चियों को अचानक उल्टी होने के बाद तेज दौरे पड़े और उन्होंने घर पर ही दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गांव में मेडिकल टीम भेजकर घर-घर सर्वे शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे आशा (6) पुत्री तेजा मीणा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे उल्टी की शिकायत हुई और कुछ ही देर में दौरे पड़ने लगे, जिससे उसकी मौत हो गई। परिवार इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे उसकी चचेरी बहन रूसिया (5) पुत्री समीया मीणा की भी तबीयत बिगड़ गई। उसे भी उल्टी के बाद दौरे पड़े और उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने पर लसाड़िया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि पहुंचे। बीसीएमएचओ डॉ. सिंटू कुमावत ने बताया कि फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। रूसिया के शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया है, जबकि आशा का अंतिम संस्कार पहले ही कर दिए जाने के कारण पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।

स्वास्थ्य विभाग की टीम शुक्रवार दोपहर कुंडा गांव पहुंची और घर-घर जाकर बच्चों की स्वास्थ्य जांच शुरू की। कुछ बीमार बच्चों को एहतियात के तौर पर लसाड़िया सीएचसी में भर्ती कराया गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी 1 से 8 अप्रैल के बीच झल्लारा और लसाड़िया क्षेत्र में रहस्यमयी बीमारी से आठ बच्चों की मौत हो चुकी है। उस समय जयपुर और उदयपुर से आई विशेषज्ञ टीमों ने 500 से अधिक परिवारों का सर्वे कर जांच की थी। वर्तमान घटना के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story