निकाय चुनाव से पहले डीग कांग्रेस में घमासान, विश्वेंद्र सिंह ने संगठन पर साधा निशाना
भरतपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान में आगामी निकाय चुनावों से पहले डीग जिले में कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता विश्वेंद्र सिंह ने संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया के जरिए अपना आक्रोश जाहिर किया है।
उन्होंने डीग कांग्रेस जिलाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए निकाय चुनाव के लिए जारी प्रभारियों की सूची में अपना नाम नहीं लिखे जाने को लेकर नाराजगी जताई है।
विश्वेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि निकाय चुनाव के लिए जारी की गई सूची में उनके नाम की जगह केवल ‘कांग्रेस प्रत्याशी’ लिखा गया है। उन्होंने इसे संगठन की ओछी मानसिकता और अपने खिलाफ सोची-समझी साजिश करार दिया। उनके इस बयान के बाद डीग कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति गरमा गई है।
विश्वेंद्र सिंह ने अपने लंबे राजनीतिक अनुभव और संगठन में वरिष्ठता का हवाला देते हुए कहा कि वह एक बार जिला प्रमुख, तीन बार सांसद और तीन बार विधायक रह चुके हैं। ऐसे में निकाय चुनाव से जुड़ी सूची में उनके नाम का उल्लेख नहीं किया जाना उन्हें नागवार गुजरा है। उन्होंने इस तरीके को अपने राजनीतिक कद और सम्मान के विपरीत बताया।
पूर्व मंत्री ने संगठन के भीतर चल रही कथित गुटबाजी और खींचतान को लेकर कांग्रेस आलाकमान को भी चेतावनी दी।
उनका कहना है कि पार्टी के भीतर चल रही इस तरह की गतिविधियों का सीधा असर आगामी निकाय चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि जो लोग इस कथित साजिश के पीछे सक्रिय हैं, उन्हें डीग की जनता आने वाले समय में जवाब देगी।
निकाय चुनाव से ठीक पहले सामने आए इस विवाद ने डीग कांग्रेस की सियासत को गरमा दिया है। एक ओर पार्टी चुनावी तैयारियों में जुटी है, वहीं दूसरी ओर वरिष्ठ नेता की सार्वजनिक नाराजगी ने संगठन के भीतर चल रही खींचतान को सामने ला दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

