योग का वास्तविक अर्थ जोड़ना है— अनिता भदेल

WhatsApp Channel Join Now
योग का वास्तविक अर्थ जोड़ना है— अनिता भदेल


योग का वास्तविक अर्थ जोड़ना है— अनिता भदेल


योग का वास्तविक अर्थ जोड़ना है— अनिता भदेल


अजमेर, 20 जून(हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के एक दिन पूर्व अजमेर दक्षिण विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिता भदेल ने कहा कि नियमित योगाभ्यास केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना का भी आधार है।

उन्होंने बताया कि योग किसी एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि जीवनभर चलने वाली साधना है। योग का वास्तविक अर्थ जोड़ना है—व्यक्ति को स्वयं से, समाज को संस्कारों से और राष्ट्र को उसकी सांस्कृतिक चेतना से जोड़ना।

विधायक भदेल शनिवार को विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी राजस्थान प्रांत एवं भारतीय जनता पार्टी अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित निशुल्क योग शिविर के काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतिम दिन 237 साधकों को संबोधित कर रही थी। इस मौके पर सभी ने सामूहिक रूप से 51 सूर्य नमस्कार कर योग साधना की पूर्णाहुति की। पूरे परिसर में उत्साह, ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का वातावरण दिखाई दिया।

विधायक अनिता भदेल ने सभी साधकों से आह्वान किया कि वे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अधिकाधिक लोगों को योग से जोड़कर इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दें। उन्होंने एक प्रेरक प्रसंग साझा करते हुए कहा कि किसी भी बड़े अभियान की सफलता तभी सार्थक होती है जब प्रत्येक व्यक्ति स्वयं को उसका सक्रिय सहभागी बनाए। योग दिवस केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को स्वस्थ, जागरूक और संगठित बनाने का राष्ट्रीय संकल्प है। इसलिए प्रत्येक साधक का दायित्व है कि वह अपने परिवार, पड़ोस और परिचितों को योग से जोड़े। उन्होंने कहा कि समय का सदुपयोग और अनुशासन योग का महत्वपूर्ण अंग है। जो व्यक्ति अपने जीवन में समय का सम्मान करना सीख लेता है, वह सफलता के नए आयाम स्थापित कर सकता है। योग व्यक्ति के भीतर ऐसी जीवनशैली विकसित करता है जो उसे शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित तथा सामाजिक रूप से उत्तरदायी बनाती है। योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने की पद्धति नहीं, बल्कि एक सशक्त राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। जब व्यक्ति स्वस्थ होगा, परिवार संस्कारित होगा, समाज संगठित होगा और राष्ट्र जागृत होगा, तभी आत्मनिर्भर एवं विश्वगुरु भारत का स्वप्न साकार होगा।

विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी राजस्थान प्रान्त के कार्यपद्धति प्रमुख डॉ. स्वतंत्र शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिलने का उल्लेख करते हुए कहा कि आज योग भारत की सांस्कृतिक धरोहर से आगे बढ़कर संपूर्ण मानवता के कल्याण का माध्यम बन चुका है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया जाना भारतीय ज्ञान परंपरा की वैश्विक स्वीकृति का प्रतीक है। आज विश्व के अनेक देशों में करोड़ों लोग योग को अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए नगर प्रमुख अंकुर प्रजापति एवं अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल ने सभी साधकों को क्रमबद्ध ढंग से 51 सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाया। सामूहिक अभ्यास के दौरान साधकों ने अनुशासन, एकाग्रता और समर्पण का उत्कृष्ट परिचय दिया।

शिविर में उपस्थित साधकों को 21 जून को टोरंटो पैलेस, भजनगंज, अजमेर में आयोजित होने वाले भव्य अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव की जानकारी दी गई। सभी को प्रातः 5:30 बजे समय पर उपस्थित रहने का आग्रह करते हुए बताया गया कि मुख्य कार्यक्रम भारत सरकार के कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सम्पन्न होगा। आयोजन में अनुशासन, समय पालन तथा सामूहिक सहभागिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक अनिता भदेल द्वारा यह भी घोषणा की गई कि 25 मई से प्रारंभ हुए इस योग शिविर में नियमित रूप से सहभागिता करने वाले साधकों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागियों को स्वामी विवेकानंद के प्रेरक संदेशों से युक्त विशेष स्मृति चिन्ह प्रदान किए जाएंगे। यह स्मृति चिन्ह भारतीय संस्कृति, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा का संदेश लेकर प्रत्येक सहभागी तक पहुंचेगा।

योग शिविर में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों में रीना कुशवाहा, सीमा गोस्वामी, राजेश घाटे, हेमंत सांखला, गोविन्द राज, मोहन लालवानी, रविन्द्र सिंह जादौन एवं विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी शाखा अजमेर के कार्यकर्ताओं, जिनमें नगर प्रमुख अंकुर प्रजापति, जितेन्द्र गहलोत, तेज सिंह, गणपत सिंह, राकेश यादव, राजेश शर्मा, चंद्रशेखर सहित योग प्रशिक्षकों, युवा साधकों, महिलाओं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सामूहिक सूर्य नमस्कार के साथ पूरे परिसर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ और उपस्थित लोगों ने योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story