वंदे भारत में सामान चढ़ाया लेकिन यात्री खुद नहीं चढ़ पाया
जोधपुर, 22 अपै्रल (हि.स.)। जोधपुर से दिल्ली कैंट जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस में मिले दो लावारिस ट्रॉली बैग को सुरक्षित बरामद कर जोधपुर मंडल के टीटीई ने ईमानदारी का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है।
सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 26481 जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच सी-6 में टिकट जांच के दौरान जोधपुर के एसटीटीई सलमान खान को गेट के पास दो लावारिस बैग मिले।
जांच में बैग से कपड़े, मिठाई के डिब्बे, गिफ्ट आयटम और करीब 35 हजार रुपये नकद मिले। टीटीई ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सामान को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और बाद में जोधपुर वाणिज्य नियंत्रण कार्यालय के समन्वय से आरपीएफ अलवर को सुपुर्द कर दिया।
जांच में सामने आया कि बैग यात्री राजेश मोदी के हैं, जिनका टिकट जयपुर से दिल्ली कैंट तक का था। वे ट्रेन में सवार नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने अपना सामान ट्रेन में चढ़ा दिया था और ट्रेन रवाना हो गई। इस पर यात्री ने रेल मदद ऐप के जरिए रेलवे को सामान छूटने की सूचना दी। इधर टीटीई ने एचएचटी मशीन से यात्री का संपर्क नंबर निकालकर उनसे बात की और पुष्टि के बाद सामान सुरक्षित आरपीएफ को सौंप दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

