ट्रांसजेंडरों को बताए उनके अधिकार, योजनाओं की जानकारी दी

WhatsApp Channel Join Now
ट्रांसजेंडरों को बताए उनके अधिकार, योजनाओं की जानकारी दी


जोधपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। संभली ट्रस्ट ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर महानगर और जिला जोधपुर के समन्वय से ट्रांसजेंडर समुदाय से संबंधित एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर महानगर के सचिव राकेश रामावत और विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर जिला के सचिव केमनीष हरजाई थे।

संभली ट्रस्ट के संस्थापक गोविन्दसिंह ने अतिथियों और सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने संभली ट्रस्ट के कार्यों और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए चलाए जा रहे विशेष कार्यक्रमों के बारे में बताया। कार्यक्रम का संचालन विवेक शर्मा द्वारा किया गया।

पुष्पा माई ने ट्रांसजेंडर लोगों के अधिकारों, पहचान, कानूनी सहायता, सरकारी योजनाओं और उनके सामने आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पहचान दस्तावेजों तक समान पहुंच की आवश्यकता पर जोर दिया। ऑस्ट्रेलिया से आईं स्टेफनी ने लैंगिक पहचान, यौन अभिविन्यास, अलग-अलग पहचानों और सभी के साथ सम्मान से व्यवहार करने के महत्व को समझाया।

विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों ने नि:शुल्क कानूनी सहायता, एफआईआर, जीरो एफआईआर, पीडि़त प्रतिकर योजना और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में बताया। पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारियों से ट्रांसजेंडर लोगों के साथ सम्मान और बिना भेदभाव के व्यवहार करने का आग्रह किया गया।

संभली ट्रस्ट की ओर से वीरेंद्र सिंह, श्यामा तंवर और सुफिया ने कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने समुदाय की समस्याओं और भविष्य में किए जाने वाले कार्यों के बारे में जानकारी साझा की। कार्यक्रम में कानूनी अधिकारों, मानसिक स्वास्थ्य, सरकारी योजनाओं, कौशल विकास और सम्मानजनक रोजगार के अवसरों पर चर्चा हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story