थाने में शिकायत देकर निकली महिला, हाईवे पर दोनों बेटों समेत ट्रेलर की चपेट में आई; तीनों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
थाने में शिकायत देकर निकली महिला, हाईवे पर दोनों बेटों समेत ट्रेलर की चपेट में आई; तीनों की मौत


कोटपूतली-बहरोड़, 23 नवंबर (हि.स.)। जिले के नीमराना में सोमवार सुबह एक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। दिल्ली-जयपुर हाईवे पार कर रही महिला और उसके दो मासूम बेटों को सीमेंट से भरे तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचल दिया। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसा नीमराना थाने से महज करीब 150 मीटर दूर हीरो चौक के पास सुबह करीब 10:30 बजे हुआ।

मृतकों की पहचान दुघेड़ा गांव निवासी कविता देवी (30), उसके बेटे कार्तिक (5) और भीम (3) के रूप में हुई है। हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह रही कि महिला अपने पति से विवाद के बाद शिकायत लेकर थाने पहुंची थी। शिकायत देने के करीब 15 मिनट बाद वह दोनों बच्चों के साथ घर लौटने के लिए निकली थी, लेकिन रास्ते में ही तीनों की जिंदगी खत्म हो गई।

नीमराना थानाधिकारी सुरेंद्र यादव के अनुसार कविता देवी सुबह करीब 10 बजे थाने पहुंची थी। बताया गया कि पति से किसी बात को लेकर विवाद के बाद वह घरेलू कलह से परेशान थी और पति के खिलाफ शिकायत देने थाने आई थी। करीब 15 मिनट थाने में रुकने के बाद शिकायत देकर वह दोनों बच्चों के साथ गांव लौटने के लिए निकल गई।

थाने से करीब 150 मीटर दूर हाईवे पर उसे सड़क पार करनी थी। हाईवे के दूसरी तरफ से बस में बैठकर उसे गांव की ओर जाना था। कविता का छोटा बेटा उसकी गोद में था, जबकि बड़ा बेटा उसकी अंगुली पकड़कर साथ चल रहा था। घटनाक्रम के अनुसार कविता ने हाईवे की जयपुर से दिल्ली जाने वाली एक लेन पार कर ली थी। इसके बाद जब वह डिवाइडर से उतरकर दिल्ली से जयपुर की ओर जाने वाली लेन पार करने लगी, तभी दिल्ली की ओर से आ रहे सीमेंट से भरे ट्रेलर ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर के बाद तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हाईवे पर हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर नीमराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की तो ट्रेलर शाहजहांपुर टोल के पास लावारिस हालत में खड़ा मिला। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक तथा वाहन मालिक के संबंध में जांच की जा रही है।

कविता देवी की करीब छह साल पहले महेंद्र यादव से शादी हुई थी।

महेंद्र किसान है। दंपती के दो बेटे कार्तिक और भीम थे। सड़क हादसे में मां के साथ दोनों मासूम बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पति महेंद्र और ससुराल पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781755 Articles

Share this story