ब्राह्मण महिलाएं लेंगी अस्त्र-शस्त्र एवं आत्मरक्षा का प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
ब्राह्मण महिलाएं लेंगी अस्त्र-शस्त्र एवं आत्मरक्षा का प्रशिक्षण


जयपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। सर्व ब्राह्मण महासभा की प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आज महासभा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, महिला सशक्तीकरण, माताओं-बहनों एवं बेटियों की सुरक्षा, जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा आगामी एक वर्ष की कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कई महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उन्हें प्रदेशभर में प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने का संकल्प लिया गया।

बैठक में महिला प्रकोष्ठ सर्व ब्राह्मण महासभा की प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. शैल शास्त्री और राष्ट्रीय महामंत्री सविता शर्मा ने नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने समाजहित को सर्वोपरि रखते हुए संगठन को मजबूत बनाने तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

बैठक में विशेष रूप से ब्राह्मण समाज की महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा और आत्मरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। तय किया गया कि महिलाओं एवं युवतियों को आत्मरक्षा में सक्षम बनाने के उद्देश्य से महासभा द्वारा सात दिवसीय विशेष अस्त्र-शस्त्र एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के माध्यम से महिलाओं एवं युवतियों को आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर सिखाए जाएंगे, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे अपनी सुरक्षा के लिए आत्मविश्वास के साथ परिस्थितियों का सामना कर सकें।

बैठक में नवनियुक्त कार्यकारिणी ने यह भी संकल्प लिया कि समाज की किसी भी मां, बहन या बेटी के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार, उत्पीड़न अथवा अन्याय होने पर महासभा मुखर होकर उसका विरोध करेगी और पीड़ित महिला एवं उसके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। ऐसे मामलों में आवश्यकता के अनुरूप उचित सहयोग उपलब्ध कराने के लिए संगठनात्मक स्तर पर भी कार्ययोजना बनाने पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर सर्व ब्राह्मण महासभा के महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. शैल शास्त्री ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं का शिक्षित और आत्मनिर्भर होने के साथ-साथ आत्मरक्षा में सक्षम होना भी बेहद जरूरी है। हमारी बेटियां आज शिक्षा, प्रशासन, व्यवसाय, खेल, कला, विज्ञान एवं सामाजिक क्षेत्र सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। ऐसे में समाज की जिम्मेदारी है कि उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने के साथ उनके भीतर सुरक्षा और आत्मविश्वास का भाव भी मजबूत करे।

राष्ट्रीय महामंत्री सविता शर्मा ने कहा, ‘‘समाज की किसी भी मां, बहन या बेटी के सम्मान पर आंच आएगी तो सर्व ब्राह्मण महासभा पूरी मजबूती से उसके साथ खड़ी होगी। महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा हमारे लिए केवल एक कार्यक्रम या विषय नहीं, बल्कि हमारा सामाजिक दायित्व और संकल्प है।’’

इस अवसर पर महासभा की नवनियुक्त कार्यकारिणी में जयपुर जिलाध्यक्ष ममता शर्मा, जयपुर संयोजक गिरिजेश भारद्वाज, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मिथिलेश शर्मा, मधु शर्मा (मिश्रा), उपाध्यक्ष ममता पचौली, मंजुलता शर्मा, विजयलक्ष्मी शर्मा, संध्या पुरोहित, संगठन महामंत्री अदिति शर्मा, मोनिका शर्मा, संरक्षक दीपा शर्मा, शांता शर्मा, लीना शर्मा, कविता शर्मा, ज्योति शर्मा, अनामिका शर्मा, महामंत्री सरिता शर्मा, रितु शर्मा, प्राची व्यास, वंदना शर्मा, हेमलता गणेशिया, विशाला शर्मा, प्रचार मंत्री, रेखा तिवाड़ी, सीमा शर्मा, बृजलता शर्मा, सचिव सुधा शर्मा, हेमलता पारीक, हेमलता शर्मा (चौमू), पूूजा शर्मा, इंदु शर्मा, रश्मि शर्मा, नेहा शर्मा, उषा पारीक, प्रेमलता शर्मा, नीति शर्मा, मधु शर्मा, कल्पना शुक्ला, उमा शर्मा, मीनाक्षी शर्मा, प्रदेश मंत्री निधि शर्मा, सांस्कृतिक मंत्री सुनीता शर्मा, सलोनी शर्मा, अंजना गोस्वामी, प्रवक्ता रीटा पाठक शामिल हुईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story