शौर्य प्रशिक्षण वर्ग के लिए बजरंग दल का जनसंपर्क अभियान तेज
बीकानेर, 23 मई (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से आयोजित दो दिवसीय जिला शौर्य प्रशिक्षण वर्ग को लेकर शुक्रवार को रामद्वारा सुनारों की बड़ी गुवाड़ में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीकानेर महानगर के बड़ी संख्या में हिंदू युवकों ने भाग लिया।
विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री विनोद सैन ने बताया कि 30 एवं 31 मई 2026 को जय नारायण व्यास कॉलोनी स्थित आदर्श विद्या मंदिर में जिला शौर्य प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग में अधिकाधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
विनोद सैन ने कहा कि वर्तमान समय में युवा वर्ग तेजी से नशे और पाश्चात्य संस्कृति की ओर आकर्षित हो रहा है, जिससे समाज और राष्ट्र दोनों प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, संस्कार और धर्म के प्रति जागरूकता पैदा करना आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग युवाओं को शारीरिक, मानसिक और वैचारिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य करेगा।
बजरंग दल महानगर संयोजक बजरंग तंवर ने कहा कि वर्तमान समय में धर्म, संस्कृति और नैतिक मूल्यों पर लगातार आघात हो रहे हैं। ऐसे में युवाओं को संगठित कर उन्हें अपनी संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र के प्रति जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में दंड, संचलन, बाधा, योग, आत्मरक्षा, शारीरिक व्यायाम, अनुशासन और संगठनात्मक गतिविधियों का अभ्यास कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग केवल शारीरिक प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं में सेवा, सुरक्षा और संस्कार की भावना भी विकसित करेगा।
बैठक में महानगर मंत्री राजेंद्र सोनी, महानगर सह मंत्री आनंद गुप्ता, हरिकिशन, ईश्वर, योगेश सोनी, प्रखंड संयोजक ऋषि पारीक, मोतीराम शर्मा, तुषार सोनी, अनमोल शर्मा, संदीप गहलोत, धनराज मारू और करण सोलंकी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महानगर मंत्री राजेंद्र सोनी ने बीकानेर महानगर और जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रशिक्षण वर्ग से जुड़ने का आह्वान किया। बैठक का समापन बजरंग तंवर द्वारा शांति पाठ के साथ किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

