ट्रेन की चपेट में आए छह ऊंटों की मौत
- दो ऊंट इंजन के पहियों में फंसे रहे, बीस मिनट ट्रैक पर खड़ी रही ट्रेन
जोधपुर, 16 मार्च (हि.स.)। संभाग के जैसलमेर जिले के लाठी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर रविवार देर रात पोकरण जा रही लीलण एक्सप्रेस की चपेट में आने से छह ऊंटों की मौत हो गई। हादसे के बाद दो ऊंट ट्रेन के इंजन के नीचे फंस गए, जिन्हें निकालने में रेलवे कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
लाठी पुलिस ने बताया कि रविवार रात करीब एक बजे ऊंटों का एक झुंड लाठी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। उसी समय जैसलमेर से चली लीलण एक्सप्रेस वहां पहुंच गई। ट्रेन की तेज आवाज और हेडलाइट की रोशनी से ऊंट घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान ऊंट ट्रेन की चपेट में आ गए। इनमें से पांच ऊंटों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ऊंट ने बाद में दम तोड़ दिया।
टक्कर इतनी तेज थी कि दो ऊंट ट्रेन के इंजन से टकराकर नीचे की तरफ घसीटते हुए चले गए और इंजन के पहियों और निचले हिस्से में बुरी तरह फंस गए। टक्कर के कारण ऊंटों के शरीर पर गहरी चोटें आईं और कई जगहों पर मांस फट गया।
घटना होते ही लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया, ताकि आगे और नुकसान न हो। ट्रेन रुकने के बाद चालक और रेलवे कर्मचारी नीचे उतरे और इंजन के नीचे फंसे ऊंटों को निकाला। इस काम में करीब बीस मिनट का समय लगा। तब तक ट्रेन ट्रैक पर ही खड़ी रही और यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

