रामदेवरा मेले में रेल सुविधा बढ़ी, पहली स्पेशल ट्रेन कल से
जोधपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। रामदेवरा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त रेल सुविधा का इंतजाम किया है। मेले के दौरान चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का चरणबद्ध संचालन किया जाएगा। इनमें भगत की कोठी-रामदेवरा के बीच तीन जोड़ी और श्रीगंगानगर-पोकरण के बीच एक जोड़ी ट्रेन शामिल है। पहली मेला स्पेशल ट्रेन शुक्रवार 28 अगस्त से पटरी पर दौड़ेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 04861/04862 भगत की कोठी-रामदेवरा मेला स्पेशल 28 अगस्त से 25 सितंबर तक कुल 29 ट्रिप करेगी। भगत की कोठी से यह ट्रेन सुबह 9.10 बजे रवाना होकर दोपहर 1 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। वापसी में रामदेवरा से दोपहर 2 बजे रवाना होकर शाम 5.30 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। ट्रेन में 12 साधारण श्रेणी और दो गार्ड डिब्बों सहित 14 कोच होंगे। सभी कोच अनारक्षित रहेंगे। रेलवे के अनुसार, यात्री मांग के अनुरूप चरणबद्ध तरीके से स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने से रामदेवरा मेले के दौरान श्रद्धालुओं को अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिलेंगे। साथ ही नियमित ट्रेनों पर बढऩे वाले यात्री दबाव को भी कम करने में मदद मिलेगी। यात्री मांग बढऩे के साथ रेलवे 11 सितंबर से दो और जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें शुरू करेगा।
ट्रेन संख्या 04863/04864 सुबह तथा 04865/04866 शाम-रात्रि सेवा के रूप में 25 सितंबर तक संचालित होंगी। दोनों जोड़ी ट्रेनें 15-15 ट्रिप करेंगी। इन ट्रेनों का ठहराव जोधपुर, राईका बाग, महामंदिर, मंडोर, मारवाड़ मथानिया, तिवरी, ओसियां, मारवाड़ लोहावट और फलोदी सहित प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा। मेले के लिए 12 सितंबर से श्रीगंगानगर-पोकरण स्पेशल भी शुरू होगी। ट्रेन संख्या 04741/04742 का संचालन 26 सितंबर तक कुल 15 ट्रिप किया जाएगा। श्रीगंगानगर से ट्रेन सुबह 10.15 बजे रवाना होकर शाम 7.50 बजे पोकरण पहुंचेगी। वापसी में पोकरण से रात 8.45 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7.50 बजे श्रीगंगानगर पहुंचेगी। इस ट्रेन में 15 साधारण श्रेणी और दो गार्ड डिब्बों सहित 17 कोच होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

