ट्रेलर ने पिकअप को टक्कर मारी, एक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
ट्रेलर ने पिकअप को टक्कर मारी, एक की मौत


बीकानेर, 20 फरवरी (हि.स.)। बीकानेर के जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित रिडमलसर चौराहे पर गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर ने पिकअप को टक्कर मार दी और करीब 30 मीटर तक घसीटते हुए सड़क किनारे बनी दुकान के अंदर तक ले गया। हादसे में पिकअप चालक के पास बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी वीडियो शुक्रवार शाम को सामने आया है, जिसमें पूरी दुर्घटना कैद है।

थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी ने बताया कि हादसे में पिकअप में चालक के पास बैठे लक्ष्मणराम (30) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत पीबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार दोनों वाहन अलग-अलग दिशाओं से आ रहे थे। दोपहर के समय पिकअप चालक ने सिग्नल पार करने की कोशिश की, तभी दूसरी ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर पिकअप को डिवाइडर के ऊपर से करीब 30 मीटर तक घसीटता हुआ सड़क किनारे स्थित दुकान तक ले गया। पिकअप का चालक की विपरीत दिशा वाला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे वहां बैठे लक्ष्मणराम को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद लक्ष्मणराम को बचाया नहीं जा सका। मामले की जांच एएसआई जयप्रकाश को सौंपी गई है। हादसे में एक बाइक सवार बाल-बाल बच गया।

प्रत्यक्षदर्शी रमेश ने बताया कि रिडमलसर चौराहे पर स्पीड ब्रेकर या अन्य अवरोधक नहीं होने से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। पूर्व में भी संबंधित विभाग को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story