ट्रेलर ने सो रहे 7 लोगों को कुचला 3 की मौत

WhatsApp Channel Join Now
ट्रेलर ने सो रहे 7 लोगों को कुचला 3 की मौत


झुंझुनू, 10 अप्रैल (हि.स.)। झुंझुनू जिले के गुढ़ागौड़जी क्षेत्र में एक ट्रेलर ने तंबू में सो रहे दो परिवार के 7 लोगों को कुचल दिया। हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। तीन लोगों की हालत गंभीर है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बिस्तर खून से सन गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है। हादसा नंगली दीप सिंह गांव में शुक्रवार सुबह 4 बजे हुआ। घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने गुढ़ागौड़जी थाने के बाहर प्रदर्शन किया। उनकी मांग थी कि पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए।

गुढ़ागौड़जी थानाधिकारी सुरेश रोलन ने बताया कि हादसा सिंघाना जाने वाली सड़क पर हुआ। यहां एक खेत में झुंझुनू के सूरजगढ़ से आए 2 परिवारों के 12 लोग तंबू में सो रहे थे। ये लोग प्याज की खुदाई के लिए आए थे। शुक्रवार सुबह ड्राइवर ने ट्रेलर को रिवर्स करने के दौरान तंबू में घुसा दिया। इसमें डोड्डी (सूरजगढ़) के रहने वाली प्रियंका (13) पुत्री मुन्नाराम और बिजौली (गुढ़ागौड़जी) की मोहिनी उर्फ मोडी (12) पुत्री सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छोटकी उर्फ होठकी (27) पत्नी सुरेश ने झुंझुनू के राजकीय बीडीके हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में सुनील (10), संजय (6) और संजीत (5) की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद जयपुर रेफर किया गया है। रवीना (20) झुंझुनू के बीडीके हॉस्पिटल में भर्ती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश

Share this story