काली फिल्म और मॉडिफिकेशन वाले वाहनों पर यातायात पुलिस का शिकंजा

WhatsApp Channel Join Now
काली फिल्म और मॉडिफिकेशन वाले वाहनों पर यातायात पुलिस का शिकंजा


काली फिल्म और मॉडिफिकेशन वाले वाहनों पर यातायात पुलिस का शिकंजा


जयपुर, 03 जून (हि.स.)। राजधानी में यातायात नियमों की अवहेलना कर अवैध मॉडिफिकेशन और काली फिल्म लगे वाहन चलाने वालों के खिलाफ जयपुर यातायात पुलिस ने बुधवार को विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के तहत 4 थार और 11 स्कॉर्पियो सहित कुल 41 वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत जब्त किया गया। वहीं परिवहन विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई में 65 अन्य वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि बुधवार को सहायक पुलिस आयुक्त प्रेम सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस की टीम ने किसान धर्म कांटा क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। इस दौरान सहायक उपनिरीक्षक गोपाल सिंह की टीम ने नियम विरुद्ध मॉडिफिकेशन और काली फिल्म लगे वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 15 लग्जरी एसयूवी जब्त कीं। इनमें 4 थार और 11 स्कॉर्पियो शामिल हैं। जांच में पाया गया कि इन वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन किए गए थे और काली फिल्म लगाई गई थी। इसके अलावा यातायात पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 26 अन्य वाहनों को भी जब्त किया। इस प्रकार कुल 41 वाहन जब्त किए गए।

डीसीपी यातायात योगेश गोयल ने बताया कि यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीमों ने टोल प्लाजा पर भी विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान काली फिल्म और अवैध मॉडिफिकेशन वाले 65 वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि एसयूवी वाहनों में लोहे अथवा अन्य धातु के मॉडिफाइड बंपर (बुल बार) लगाना सड़क सुरक्षा की दृष्टि से बेहद खतरनाक है। दुर्घटना की स्थिति में ऐसे बंपरों के कारण एयरबैग समय पर नहीं खुल पाते, जिससे वाहन में सवार लोगों की जान को गंभीर खतरा हो सकता है।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में किसी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन नहीं करवाएं तथा काली फिल्म का उपयोग न करें। नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story