गणेश शोभायात्रा के लिए बदली यातायात व्यवस्था: परकोटे में बसों-भारी वाहनों की नो-एंट्री
जयपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। गणेश चतुर्थी के अवसर पर मंगलवार को राजधानी में प्रथम पूज्य गणेशजी महाराज की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। मोतीडूंगरी गणेश मंदिर से शाम 4 बजे गाजे-बाजे और लवाजमे के साथ रवाना होने वाली शोभायात्रा विभिन्न बाजारों से होते हुए गढ़ गणेश मंदिर पहुंचेगी। शोभायात्रा को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में विशेष यातायात व्यवस्था और रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है।
शोभायात्रा मोतीडूंगरी गणेश मंदिर से मोतीडूंगरी रोड, सांगानेरी गेट, जौहरी बाजार, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, गणगौरी बाजार, चौगान चौराहा और ब्रह्मपुरी बस स्टैंड होते हुए गढ़ गणेश मंदिर पहुंचेगी।
पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल ने बताया कि शोभायात्रा के दौरान त्रिमूर्ति सर्किल से जेडीए चौराहा, आरबीआई तिराहा से गणेश मंदिर के बीच तख्तेशाही रोड तथा धर्मसिंह सर्किल से गणेश मंदिर तक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।
इसके अलावा एमडी रोड, जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार, गणगौरी बाजार और चौगान चौराहा से गढ़ गणेश मंदिर तक पूरे शोभायात्रा मार्ग पर नो-पार्किंग रहेगी।
वहीं धर्मसिंह सर्किल पहुंचने पर गुरुद्वारा मोड़ से घाटगेट, बर्फखाना से जवाहर नगर रोड और त्रिमूर्ति सर्किल से नारायण सिंह तिराहा की ओर यातायात संचालित किया जाएगा। नारायण सिंह सर्किल से त्रिमूर्ति की ओर प्रवेश बंद रहेगा।
साथ ही मिनर्वा चौराहा पहुंचने पर गुरुद्वारा मोड़ से घाटगेट की ओर यातायात बंद रहेगा। वाहनों को गोविंद मार्ग, घाट बाजार, दिल्ली रोड (टीपी नगर होकर) और जवाहर नगर बाईपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
सांगानेरी गेट और बड़ी चौपड़ पहुंचने पर न्यूगेट से बापू बाजार तथा संजय बाजार से जौहरी बाजार में प्रवेश बंद रहेगा। सुभाष चौक से चार दरवाजा और रामगंज चौपड़ से घाटगेट/गलता गेट की ओर यातायात डायवर्ट किया जाएगा।
त्रिपोलिया और छोटी चौपड़ पहुंचने पर बापू बाजार व नेहरू बाजार से आने वाले वाहनों को रामनिवास बाग चौराहा की ओर भेजा जाएगा। छोटी चौपड़ से किशनपोल, गणगौरी और चांदपोल बाजार की ओर यातायात डायवर्ट रहेगा।
चौगान चौराहा और ब्रह्मपुरी पहुंचने पर नाहरगढ़ रोड, लंगर के बालाजी और शिवाजी चौक की तरफ से आने वाला यातायात प्रतिबंधित रहेगा। सामान्य यातायात को जोरावर सिंह गेट, सीताराम बाजार, मोहन पुलिया और गेटोर तिराहा की ओर समानांतर मार्गों से निकाला जाएगा।
इधर शोभायात्रा पूरी होने तक परकोटा क्षेत्र में भारी वाहनों के साथ सिटी और जेसीटीएसएल बसों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। गोपालपुरा की ओर से यादगार तिराहा आने वाली जेसीटीएसएल बसों को लक्ष्मी मंदिर से सहकार मार्ग की ओर संचालित किया जाएगा। टोंक रोड पर यातायात दबाव बढ़ने पर अशोका टी-पॉइंट से अशोका मार्ग की ओर डायवर्जन किया जाएगा।
दिल्ली रोड से सिंधी कैंप आने-जाने वाली रोडवेज, लोक परिवहन और स्लीपर बसें चंदवाजी से एक्सप्रेस हाईवे, रोड नंबर 14 पुलिया (सीकर रोड), पानीपेच और चौमूं तिराहा होकर संचालित होंगी। सिंधी कैंप से आगरा रोड जाने वाली रोडवेज बसें रोटरी सर्किल से तथा निजी और स्लीपर बसें टीपी नगर निजी बस स्टैंड से संचालित होंगी।
यातायात पुलिस ने एम्बुलेंस और अन्य अति आवश्यक सेवाओं के वाहनों का संचालन निर्बाध रखने की व्यवस्था की है। पुलिस ने आमजन से शोभायात्रा के दौरान परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक और समानांतर मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

