नीलगाय सामने आई तो बेकाबू हुआ ट्रैक्टर खाई में पलटा, किसान की मौत
बूंदी, 08 अक्टूबर (हि.स.)। खेत की ओर जा रहे एक किसान के सामने अचानक नीलगाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में उसका ट्रैक्टर बेकाबू होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से 58 वर्षीय किसान शहाबुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ बैठे व्यक्ति को चोट नहीं आई।
पुलिस के अनुसार गुरुवार को शहाबुद्दीन पुत्र राजू खान और मिश्राराम उर्फ मियाराम पुत्र रामकरण कुम्हार ट्रैक्टर लेकर बामनगांव से पण्डोला खेत की ओर जा रहे थे। पण्डोला गांव में श्मशान के पास अचानक नीलगाय सामने आ गई। नीलगाय को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा।
ट्रैक्टर पलटते ही शहाबुद्दीन उसके नीचे दब गए और गंभीर चोटों के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में उनके साथ बैठे मियाराम को चोट नहीं आई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। पूर्व सरपंच सूरजमल भाटी, अधिवक्ता महावीर धाकड़, विनोद नागर, नारायण गुर्जर, नासिर मोहम्मद सहित कई लोग पोस्टमार्टम स्थल पर पहुंचे। मृतक शहाबुद्दीन के परिवार में दो बेटे और सात बेटियां हैं। पिता की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
एएसआई देवलाल के अनुसार मृतक के बेटे इमरान (23) की रिपोर्ट पर नैनवां थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

