खिलौने बेचने वाले मुकेश ने दिखाई बहादुरी, आत्महत्या के लिए झील में कूदी युवती को बचाया

WhatsApp Channel Join Now
खिलौने बेचने वाले मुकेश ने दिखाई बहादुरी, आत्महत्या के लिए झील में कूदी युवती को बचाया


उदयपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। उदयपुर की प्रसिद्ध फतहसागर झील में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ प्रेमप्रसंग में विफलता से आहत एक युवती ने जिंदगी से तंग आकर झील में छलांग लगा दी। लेकिन, मौके पर मौजूद एक साधारण खिलौने वाले की असाधारण हिम्मत ने उसे मौत के मुंह से खींच लिया।

झील किनारे खिलौने बेच रहे मुकेश वैष्णव ने जैसे ही युवती को पानी में डूबते देखा, उन्होंने बिना एक पल गंवाए झील में छलांग लगा दी। अपने प्राणों की परवाह किए बिना मुकेश ने पानी की गहराइयों से संघर्ष करते हुए युवती को थामा और तैरकर किनारे तक ले आए। वहाँ मौजूद अन्य लोगों की मदद से उन्होंने युवती को तुरंत पानी से बाहर निकाला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और युवती को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि युवती उदयपुर के आदिवासी क्षेत्र की रहने वाली है और उसके बॉयफ्रेंड द्वारा शादी से इंकार करने के बाद उसने यह खौफनाक कदम उठाया था। अस्पताल में उपचार के बाद पुलिस द्वारा युवती की काउंसलिंग की जा रही है।

मुकेश वैष्णव का यह साहसिक कदम यह साबित करता है कि इंसानियत और बहादुरी के लिए कोई बड़ा ओहदा नहीं, बल्कि एक दरियादिल और जांबाज इंसान होने की जरूरत होती है। उनकी इस तत्परता ने एक हंसती-खेलती जिंदगी को बुझने से बचा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story