तंबाकू फ्री यूथ कैंपेन 4.0 का जिला स्तरीय शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
तंबाकू फ्री यूथ कैंपेन 4.0 का जिला स्तरीय शुभारंभ


जोधपुर, 05 नवम्बर (हि.स.)। युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाने तथा जिले में तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा तंबाकू फ्री यूथ कैंपेन 4.0 का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अभियान के जागरूकता पोस्टर का विमोचन कर व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियों के संचालन का संकल्प लिया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में अभियान के तहत जिले में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र कच्छावा ने कहा कि तंबाकू का सेवन युवाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। वर्तमान समय में युवाओं को तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों की लत से बचाना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए केवल स्वास्थ्य विभाग ही नहीं, बल्कि शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि तंबाकू फ्री यूथ कैंपेन 4.0 के माध्यम से युवाओं तक तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों का संदेश पहुंचाया जाएगा तथा तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान, तंबाकू मुक्त ग्राम, कोटपा अधिनियम के प्रावधानों की प्रभावी पालना, सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू नियंत्रण तथा सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता जैसी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। अभियान के दौरान विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन को तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही तंबाकू उत्पादों की बिक्री एवं उपयोग से संबंधित नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story