तिरंगा यात्रा में गूंजा राष्ट्रभक्ति का जयघोष: उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने थामा तिरंगा
जयपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। सन एंड मून से मुरलीपुरा सर्किल तक निकली यात्रा में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने शामिल होकर आमजन के साथ राष्ट्र प्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। तिरंगा हाथों में लेकर निकले लोगों के उत्साह से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
इस तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, भाजपा कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए। रास्ते भर लहराते तिरंगे और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से माहौल राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रहा। कार्यकर्ताओं और आमजन ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, जवानों के बलिदान और करोड़ों भारतीयों के सपनों का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनांदोलन बनाने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष अमित गोयल, यात्रा के संयोजक व सह संयोजक, मंडल अध्यक्ष, पार्षद, पार्षद प्रत्याशी, वार्ड अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। यात्रा के दौरान लोगों में राष्ट्रध्वज को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया और पूरे मार्ग पर राष्ट्रभक्ति के नारों की गूंज सुनाई दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

