लोकभवन में शान से लहराया तिरंगा, राज्यपाल बागडे ने दिलाया राष्ट्र निर्माण का संकल्प
जयपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को लोकभवन देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने लोकभवन परिसर में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। ध्वजारोहण के बाद आरएसी गारद ने राज्यपाल को सलामी दी। इस दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल नजर आया।
ध्वजारोहण के बाद राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने लोकभवन परिसर स्थित राजकीय विद्यालय के उच्च प्राप्तांक वाले विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को उपहार और मिठाई वितरित की तथा उनसे संवाद कर उनकी पढ़ाई और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जाना। राज्यपाल ने बच्चों के साथ तिरंगा लहराते हुए उन्हें स्वाधीनता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की समृद्धि और सम्पन्नता के लिए सभी को मिलकर जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए।
समारोह के दौरान राज्यपाल ने विद्यार्थियों के साथ तिरंगा लहराकर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं। बच्चों के चेहरों पर उत्साह और हाथों में तिरंगा देशभक्ति की भावना को और गहरा कर रहा था। राज्यपाल ने बच्चों को राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
स्वाधीनता दिवस के अवसर पर राज्यपाल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लोकभवन परिसर में फलदार पौधे भी लगाए। उन्होंने पौधरोपण को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहने, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी, प्रमुख विशेषाधिकारी राजकुमार सागर सहित लोकभवन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। ध्वजारोहण, विद्यार्थियों से संवाद और पौधरोपण के साथ लोकभवन में मनाया गया स्वाधीनता दिवस राष्ट्रप्रेम और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

