नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की माताजी का निधन, आज पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार

WhatsApp Channel Join Now
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की माताजी का निधन, आज पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार


अलवर , 28 फ़रवरी (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की माताजी चलती देवी का शुक्रवार देर रात जयपुर में देहावसान हो गया। उनके निधन की सूचना से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। मुुख्‍यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत ने नेता प्रतिपक्ष जूली की माताजी के निधन पर शोक व्‍यक्‍त किया है। जानकारी के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार आज 28 फरवरी को सायं 4 बजे उनके पैतृक गांव काठुवास, तहसील नीमराना, जिला कोटपुतली-बहरोड़ में किया जाएगा।

शोक की इस घड़ी में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। कई नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है तथा परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की है। काठुवास गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों सहित अनेक नेता शामिल होंगे।

मुुख्‍यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने शोक संदेश में लिखा कि राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूूूली की पूजनीय माता जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है।

माँ का जाना जीवन की अपूरणीय क्षति है, जिसकी पूर्ति संभव नहीं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह अगाध दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

पूर्व मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत ने लिखा कि राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुख सहने की शक्ति दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

Share this story