टिकट चैकिंग मेंं जोधपुर मंडल का नया राजस्व रिकॉर्ड
जोधपुर, 05 अपै्रल (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में सघन टिकट चैकिंग अभियान के दम पर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल ने 11.48 करोड़ रुपए के लक्ष्य के मुकाबले 46 लाख रुपए अधिक वसूली कर कुल 11.94 करोड़ रुपए का राजस्व अर्जित किया जो लगभग 4 प्रतिशत अधिक है। यह जोधपुर मंडल द्वारा अब तक की सर्वाधिक राजस्व वसूली का रिकॉर्ड है।
मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के सकारात्मक परिणाम मिले हैं। उन्होंने बताया कि सालभर चले अभियान के दौरान 1.58 लाख बिना टिकट यात्रियों से 7.62 करोड़ रुपए वसूले गए। वहीं अनियमित यात्रा के 86 हजार मामलों में जुर्माना सहित 4.32 करोड़ रुपए की वसूली की गई। डीआरएम ने इस उपलब्धि पर टिकट चैकिंग स्टाफ की कार्यकुशलता की सराहना की है।
ट्रेनों और स्टेशनों पर गंदगी फैलाने के 27, 500 मामलों में 29.75 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा निर्धारित सीमा से अधिक सामान के साथ यात्रा करने के 174 मामलों में 70 हजार रुपए वसूले गए। जांच अभियान के दौरान जोधपुर मंडल पर बीते वित्त वर्ष के दौरान करीब 1 हजार यात्री ट्रेनों में नियम की अवहेलना करते हुए पकड़े गए जिनसे रेलवे ने 1.96 लाख रुपए का जुर्माना वसूल कर सख्त संदेश दिया है।
अभियान के तहत जोधपुर-मेड़ता-डेगाना-फुलेरा, डेगाना-रतनगढ़, मेड़ता रोड-बीकानेर, राइकाबाग-फलोदी-पोकरण-जैसलमेर, जोधपुर-लूनी-मारवाड़ जंक्शन, लूनी-समदड़ी-बालोतरा-बाड़मेर-मुनाबाव तथा समदड़ी-जालोर-भीलड़ी रेलखंडों पर विशेष जांच की गई। साथ ही वंदे भारत और मंडोर सुपरफास्ट जैसी ट्रेनों में भी गहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

