(अपडेट)...तेज रफ्तार बाइकों की भिड़ंत में तीन युवकों की मौत, एक गंभीर

WhatsApp Channel Join Now


उदयपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)।

उदयपुर जिले में रविवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक हादसा रात करीब 11:30 बजे फलासिया थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 58ई पर बिछीवाड़ा गांव के पास हुआ।

पुलिस के अनुसार दोनों बाइक तेज गति से सड़क पर गुजर रही थीं। इसी दौरान आमने-सामने से आ रही बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि सभी युवक हवा में उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में दो युवकों के हाथ-पैर टूट गए और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि एक युवक का सिर बुरी तरह फट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही फलासिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने बताया कि तीनों मृतकों के शवों को झाड़ोल के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जबकि घायल युवक का इलाज जारी है।

मृतकों की पहचान अनिल कटारा, अक्षय अंगारी और यशवंत हिमात के रूप में हुई है, जबकि मोहित अंगारी गंभीर रूप से घायल है। पुलिस के अनुसार अक्षय, अनिल और मोहित एक ही बाइक पर सवार थे और ओडा गांव में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने घर बस्सी लौट रहे थे। दूसरी बाइक पर सवार यशवंत बोरिया गांव से उदयपुर की ओर आ रहा था।

प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि देर रात वाहनों की तेज लाइट आंखों पर पड़ने के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतक यशवंत उदयपुर के एक होटल में कुक का काम करता था, जबकि अन्य युवक मजदूरी करते थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story