अंबाजी दर्शन के लिए निकले तीन युवकों की मौत, दो बाइक की भिड़ंत के बाद एक जिंदा जला

WhatsApp Channel Join Now
अंबाजी दर्शन के लिए निकले तीन युवकों की मौत, दो बाइक की भिड़ंत के बाद एक जिंदा जला


सिरोही, 20 अक्टूबर (हि.स.)। अंबाजी मंदिर में दर्शन करने की इच्छा लेकर घर से निकले तीन युवकों की यात्रा रास्ते में ही मौत के साथ खत्म हो गई। आबूरोड-रेवदर राज्य राजमार्ग पर सोमवार देर रात दो बाइकों की भीषण भिड़ंत में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद एक युवक आग की चपेट में आकर जिंदा जल गया, जबकि दो युवकों के शव क्षत-विक्षत हालत में बाइक से दूर मिले।

हादसा सोमवार रात करीब दो बजे आबूरोड सदर थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस के अनुसार, एक बाइक पर तीन युवक सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर एक युवक अकेला था। भिड़ंत के बाद चारों युवक सड़क पर दूर-दूर जा गिरे। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर जली हुई बाइकें और युवकों की गंभीर हालत देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।

आबूरोड सदर थाने के एएसआई रामनाथ के अनुसार, चनार निवासी रतन (18) पुत्र साजाराम, जोराराम (19) पुत्र पन्नाराम और राजू (15) पुत्र लसा गरासिया एक ही बाइक पर सवार होकर अंबाजी मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। तीनों रात करीब 12 बजे घर से निकले थे। इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार गोपाल पुत्र लसा भील आबूरोड से मधुवा मंदिर स्थित अपने घर लौट रहा था। आबूरोड-रेवदर मार्ग पर दोनों बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में रतन, जोराराम और गोपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजू गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात में जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी थी। मौके पर पहुंचने पर बाइकें जलती हुई मिलीं। एक युवक का शव बुरी तरह जल चुका था, जबकि दो अन्य के शव बाइक से काफी दूर पड़े मिले। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार के कारण टक्कर इतनी भीषण हुई कि युवक उछलकर दूर जा गिरे।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में शामिल चारों युवक खेती-किसानी से जुड़े थे।

दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मृतकों के परिजनों को जानकारी दी। तीनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया और मंगलवार सुबह परिजनों को सौंप दिए गए। घायल राजू का आबूरोड उपजिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

प्रारंभिक आशंका है कि दोनों बाइकों की तेज रफ्तार हादसे की वजह बनी। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763868 Articles

Share this story