दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवकों की मौत, एक गंभीर घायल


भीलवाड़ा, 29 मार्च (हि.स.)। जिले के जहाजपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा नेशनल हाईवे-148डी (भीलवाड़ा-टोंक मार्ग) पर धोड़ नाथून गांव के पास हुआ।

पुलिस के अनुसार दो बाइक पर सवार चार युवक तेज रफ्तार में आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक उछलकर करीब 100 मीटर दूर जा गिरे। सड़क पर खून बिखर गया और दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए।

जहाजपुर थाना पुलिस के एसएचओ लोकपाल सिंह ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चारों घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान हनुमाननगर थाना क्षेत्र के टिकड़ गांव निवासी जितेंद्र (35) पुत्र अशोक मेघवंशी, इंटुदा निवासी नरेंद्र (36) पुत्र हरजीराम मेघवंशी और शक्करगढ़ थाना क्षेत्र के जोझर गांव निवासी विशाल (19) पुत्र हनुमान सिंह राजपूत के रूप में हुई है।

दूसरी बाइक पर सवार राहुल (18) पुत्र सरदार सिंह निवासी जोझर गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार विशाल और राहुल दोनों प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे और रविवार को आरएससीआईटी परीक्षा देने के लिए घर से निकले थे। वहीं दूसरी बाइक पर सवार जितेंद्र और नरेंद्र किसी निजी काम से जा रहे थे।

हादसे के बाद तीनों शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story