जोधपुर से जुड़ी तीन जोड़ी ट्रेनों का अब इलेक्ट्रिक इंजन से होगा संचालन
जोधपुर, 01 सितम्बर (हि.स.)। जोधपुर मंडल से जुड़ी तीन जोड़ी लंबी दूरी की ट्रेनें अब इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित होंगी। इससे ट्रेनों का परिचालन अधिक सुचारू होगा और जहां इलेक्ट्रिक-डीजल इंजन बदलने की जरूरत होती है, वहां लगने वाला समय बच सकेगा।
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि रेलवे द्वारा ट्रेन संख्या 16587/16588 यशवंतपुर-बीकानेर-यशवंतपुर द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस यशवंतपुर से 4 सितंबर से इलेक्ट्रिक इंजन से दौड़ेगी जबकि बीकानेर से 1 सितंबर से इलेक्ट्रिक इंजन से इसका संचालन प्रारंभ किया गया है। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 22497/22498 श्रीगंगानगर-तिरुच्चिराप्पल्लि-श्रीगंगानगर हमसफर सुपरफास्ट एक्सप्रेस साप्ताहिक श्रीगंगानगर से 31 अगस्त से इलेक्ट्रिक इंजन से चलना प्रारंभ हो गई जबकि तिरुच्चिराप्पल्लि से यह 4 सितंबर से इलेक्ट्रिक इंजन से चलेगी।
वहीं 14805/14806 यशवंतपुर-बाड़मेर-यशवंतपुर एसी एक्सप्रेस साप्ताहिक यशवंतपुर से 7 सितंबर तथा बाड़मेर से 3 सितंबर से इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित होगी। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक रूट पर ट्रेन को इलेक्ट्रिक इंजन से ही आगे बढ़ाने का फायदा यात्रियों को मिलेगा। जहां पहले डीजल से इलेक्ट्रिक इंजन बदलने की जरूरत होती थी, वहां इंजन बदलने में लगने वाला समय बच सकेगा। इससे ट्रेन के परिचालन को अधिक सुचारू बनाने और यात्रियों के सफर का समय कम करने में मदद मिलेगी।
इलेक्ट्रिक इंजन से संचालन होने पर डीजल पर निर्भरता कम होगी। इससे ईंधन की बचत के साथ प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। यानी रेलवे के इस बदलाव का फायदा यात्रियों के समय से लेकर पर्यावरण तक को मिलेगा। जोधपुर मंडल में विद्युतीकरण का दायरा बढऩे के साथ अधिक ट्रेनों को इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित किए जाने से यात्रियों को आने वाले समय में तेज, सुगम और पर्यावरण अनुकूल रेल यात्रा का लाभ मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

