शिवा क्लब के तीन खिलाड़ियों ने बनाए इंडिया और एशिया रिकॉर्ड

WhatsApp Channel Join Now
शिवा क्लब के तीन खिलाड़ियों ने बनाए इंडिया और एशिया रिकॉर्ड


जयपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। शिवा क्लब, जयपुर के तीन खिलाड़ियों ने मार्शल आर्ट्स के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए इंडिया और एशिया रिकॉर्ड बनाने की उपलब्धि हासिल की है। 27 नवंबर को शिवा क्लब में आयोजित आधिकारिक रिकॉर्ड प्रयास के दौरान 16 वर्षीय गिर्राज मीणा, 14 वर्षीय पूर्वा श्री और 14 वर्षीय भविष्य धनोपिया ने अपनी-अपनी श्रेणियों में रिकॉर्ड प्रदर्शन किया। यह आयोजन इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के आधिकारिक प्रतिनिधि एवं एडजुडिकेटर डॉ. भुवनेश माथुरिया की मौजूदगी में हुआ।

इस दौरान 16 वर्षीय गिर्राज मीणा ने एक किलोग्राम का रिस्ट वेट पहनकर एक मिनट में 466 फुल-कॉन्टैक्ट पंच लगाए। उनका यह प्रदर्शन इंडिया रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया गया। वहीं, 14 वर्षीय पूर्वा श्री ने दो किलोग्राम वजन पकड़कर एक मिनट में 220 नी स्ट्राइक्स लगाकर इंडिया और एशिया रिकॉर्ड बनाया। इसी क्रम में 14 वर्षीय भविष्य धनोपिया ने दो किलोग्राम वजन पकड़कर एक मिनट में 311 डबल स्लैप किक्स लगाकर इंडिया और एशिया रिकॉर्ड की उपलब्धि हासिल की।

तीनों खिलाड़ियों के मार्गदर्शक शिवा क्लब के संस्थापक प्रदीप सिंह राघव हैं। राघव वर्ष 2013 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ताइक्वांडो में स्वर्ण पदक और दक्षिण एशियाई स्तर पर मुए थाई में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। वे ताइक्वांडो में चौथे डैन ब्लैक बेल्ट धारक हैं और भारत ताइक्वांडो से नेशनल कोच लेवल-3 का लाइसेंस प्राप्त कर चुके हैं।

राघव वर्ष 2018 से अब तक 30 हजार से अधिक बालिकाओं और महिलाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दे चुके हैं। इसके तहत 30 से अधिक सरकारी स्कूलों में निःशुल्क मार्शल आर्ट्स कक्षाएं भी आयोजित की गई हैं। वे पिछले 11 वर्षों से शिवा क्लब का संचालन कर युवाओं को खेल, अनुशासन और आत्मरक्षा के प्रति प्रेरित कर रहे हैं।

इस अवसर पर प्रदीप सिंह राघव ने कहा कि तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धियां उनके निरंतर अभ्यास, मेहनत और समर्पण का परिणाम हैं। उन्हें विश्वास है कि ये खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग देने की बात कही। तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से उनके परिवारों, गुरुजनों और जयपुर सहित राजस्थान में खुशी का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784101 Articles

Share this story