राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नवंबर में 2400 पदों पर तीन भर्तियां
जयपुर, 07 नवंबर (हि.स.)। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड नवंबर में करीब 2,400 पदों पर तीन नई भर्तियों की विज्ञप्ति जारी करने की तैयारी में है। इनमें शिक्षा विभाग, यूडीएच, जल संसाधन और वित्त विभाग से जुड़े पद शामिल हैं। भर्ती में फिजिकल टीचर इंस्ट्रक्टर (पीटीआई), जूनियर इंजीनियर (JEN) और टैक्स असिस्टेंट के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज के अनुसार तीनों भर्तियों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इनमें सबसे पहले जूनियर इंजीनियर के करीब 900 पदों पर भर्ती की विज्ञप्ति जारी होने की संभावना है। बोर्ड का प्रयास है कि दिवाली के बाद 15 नवंबर तक JEN भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया जाए। इसके बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी।
वहीं पीटीआई के 1200 पद और टैक्स असिस्टेंट के 300 पद शामिल हैं। इन दोनों भर्तियों की विज्ञप्ति आचार संहिता हटने के बाद जारी की जाएगी।
तीनों भर्तियों में शामिल पदों के लिए अलग-अलग शैक्षणिक और तकनीकी योग्यता निर्धारित होगी।
इन भर्तियों में 18 से 40 वर्ष तक की आयु वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। हालांकि आरक्षित वर्गों सहित अन्य पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा। विस्तृत पात्रता और शैक्षणिक योग्यता की जानकारी संबंधित भर्ती की विज्ञप्ति जारी होने के बाद स्पष्ट होगी।
तीनों भर्तियों में चयन प्रक्रिया के तहत सबसे पहले लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के परिणाम और मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। निर्धारित चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाएगी।
एक नजर में भर्ती
- पीटीआई: 1,200 पद
- जूनियर इंजीनियर (JEN): करीब 900 पद
- टैक्स असिस्टेंट: 300 पद
- कुल: करीब 2,400 पद
- आयु सीमा: 18 से 40 वर्ष
- JEN विज्ञप्ति: 15 नवंबर तक जारी होने की संभावना
- चयन: लिखित परीक्षा के बाद दस्तावेज सत्यापन
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

