स्लीपर बस की टक्कर से मां-बेटी सहित तीन की मौत, बाइक को 20 फीट तक घसीटा
जयपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर किशनगढ़ के नजदीक पाटन चौराहे के पास गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में मां-बेटी सहित तीन लोगों की मौत हो गई। जयपुर की ओर जा रही एक स्लीपर बस ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
बांदरसिंदरी थानाधिकारी बन्नालाल जाट ने बताया कि हादसा रात करीब 9 बजे हुआ। हरमाड़ा निवासी भागचंद (38), फलौदा निवासी लाडा देवी (45) और उनकी बेटी हंसा (18) के साथ बाइक पर जयपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई स्लीपर बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस बाइक को करीब 20 फीट तक घसीटते हुए ले गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बाइक चला रहे भागचंद का पैर कटकर अलग हो गया, जबकि तीनों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।
तीनों को राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। दुर्घटनाग्रस्त बस को क्रेन की सहायता से हटाकर थाने पहुंचाया गया। थानाधिकारी बीएल जाट के अनुसार, मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने मौके पर विरोध प्रदर्शन करते हुए पाटन चौराहे पर सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल उठाए।
सवेरे विधायक और कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष डॉ विकास चौधरी मोर्चरी के बाहर पहुंचे और पाटन इलाके में लगातार हो रहे हादसों पर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि पाटन चौराहे पर पुलिया बनाने की हम कई बार मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक हादसों की रोकथाम के लिए कोई प्रयास नहीं हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

