हादसे में तीन बाइक सवार युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
हादसे में तीन बाइक सवार युवक की मौत


चित्तौड़गढ़, 11 मई (हि.स.)। जिले में

निम्बाहेड़ा-चित्तौड़गढ़ मार्ग पर वंडर चौराहे के अंडरब्रिज के पास सोमवार तड़के अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि तीनों ही युवकों ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। दर्दनाक हादसे की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाए। वहीं परिजनों को सूचित कर दिया गया है। परिजनों के पहुंचने पर शव के पोस्टमार्टम करवाए।

निंबाहेड़ा सदर थाने के एएसआई कैलाशचन्द्र शर्मा ने बताया कि पुलिस को सोमवार तड़के करीब 3 बजे वंडर पुलिया के आगे हादसे की सूचना मिली। इस पर सदर पुलिस मौके पर पहुंची। यहां तीन बाइक सवार युवक मिले। पुलिस ने तीनों शवों को निम्बाहेड़ा अस्पताल पहुंचाया और ड्यूटी चिकित्सक ने जांच की, जिसके बाद शव माेर्चरी में रखवाए गए। हादसे की सूचना पर परिजन सोमवार दोपहर निंबाहेड़ा पहुंचे। यहां पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर शव के पोस्टमार्टम की कार्यवाही की।

मोबाइल के जरिए हुई शिनाख्त

पुलिस ने मृतक युवकों के कपड़ों की तलाशी ली, जिनमें दो मोबाइल मिले। मोबाइल के जरिए जांच पड़ताल करने के बाद मृतकों की शिनाख्त हो पाई। इनमें झालवाड़ जिले के सुनेल थाने के मोड़ी निवासी शेर सिंह पुत्र रघुनाथसिंह, रंगूल सिंह पुत्र बलवन्त सिंह और मध्यप्रदेश के आगर के दीवानखेड़ी निवासी गोविन्द पुत्र शंभूसिंह के रूप में हुई। मोबाइल में मिले नम्बरों के आधार पर पुलिस ने उनके परिजनों को सूचित कर दिया है। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्यवाही हो पायेगी। इधर, पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अज्ञात वाहन की टक्कर में यह घटना हुई है। पुलिस ने वाहन की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरु कर दिए है और मामले की जांच में जुटी है।

वॉल पुट्टी का काम करते थे युवक

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार परिजनों से प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि तीनों युवक निम्बाहेड़ा में रह कर वॉल पुट्टी का काम करते थे और 15 दिन पहले ही निम्बाहेड़ा आए थे। तीनों निम्बाहेड़ा में कहां रह रहे थे इसकी पुलिस जानकारी जुटा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story