मनोहरपुर-दौसा हाईवे पर कार-ट्रक की भिड़ंत में तीन की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मनोहरपुर-दौसा हाईवे पर कार-ट्रक की भिड़ंत में तीन की मौत


जयपुर, 30 नवंबर (हि.स.)। जयपुर के मनोहरपुर-दौसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रतनपुरा के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एक इको कार और ट्रक के आमने-सामने टकराने से हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही रायसर और मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन सड़क किनारे हटवाए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस के जरिए सभी को निम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है, जबकि अन्य चार का इलाज जारी है। करीब आधे घंटे बाद यातायात बहाल किया जा सका।

सीओ (जमवारामगढ़) मुकेश जोशी ने बताया कि दोपहर करीब 12:55 बजे मनोहरपुर की ओर से दौसा जा रहे एक ट्रक से सामने से आ रही कार की ओवरटेक के दौरान भिड़ंत हो गई। अधिक गति के कारण कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में कुल नौ लोग सवार थे, जो मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन कर खाटूश्यामजी जा रहे थे।

सीओ जोशी के अनुसार, वाहन में सवार लोग अलग-अलग स्थानों के निवासी हैं, जिनमें दौसा का चालक, हरियाणा और नोखा (बीकानेर) के कुछ लोग शामिल हैं। दो अन्य व्यक्तियों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामला दर्ज कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story