ट्रक की टक्कर से तीन दोस्तों की मौत, बाइक के उड़े परखच्चे
सिरोही, 04 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान के सिरोही जिले में नेशनल हाईवे-27 पर मंगलवार रात एक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की जान चली गई। आबूरोड थाना क्षेत्र के मावल कट के पास तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में तीनों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसा मंगलवार रात करीब 10:30 बजे हुआ। आबूरोड से गुजरात के पालनपुर की ओर जा रहे ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को एंबुलेंस की सहायता से सरकारी उपजिला अस्पताल आबूरोड पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान प्रकाश और शंकर निवासी देलवाड़ा माउंट आबू तथा दिनेश उर्फ विनय निवासी चारनिया फली सातपुर आबूरोड के रूप में हुई है। प्रकाश और शंकर पड़ोसी थे, जबकि दिनेश उनका दोस्त था।
तीनों युवक मजदूरी करके अपना जीवनयापन करते थे और अविवाहित थे। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में शोक छा गया। प्रकाश के भाई प्रवीण ने बताया कि प्रकाश बिना बताए घर से निकला था। रात करीब 12 बजे परिवार को सड़क दुर्घटना में उसकी मौत होने की सूचना मिली। प्रकाश के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। उसके तीन भाई और चार बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।
वहीं, दिनेश के पिता का निधन हो चुका था। परिवार में उसकी मां और दो बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।
शंकर के परिवार में एक भाई और तीन बहनें हैं। उसकी मां का भी निधन हो चुका था, जबकि पिता मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। तीनों युवकों की असमय मौत से उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
आबूरोड थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह के अनुसार पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

