पिकअप-बाइक की टक्कर में पति-पत्नी समेत तीन की मौत

WhatsApp Channel Join Now
पिकअप-बाइक की टक्कर में पति-पत्नी समेत तीन की मौत


प्रतापगढ़, 22 मार्च (हि.स.)। जिले के सुहागपुरा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा चित्तौड़गढ़-बांसवाड़ा नेशनल हाईवे-56 पर कचोटिया गांव के झानिया पुल के पास दोपहर में हुआ।

पुलिस के अनुसार, बांसवाड़ा से प्रतापगढ़ की ओर जा रही मुर्गियों से भरी एक पिकअप ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं पिकअप अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे उतरकर खेत में पलट गई।

हादसे में पीपलखूंट क्षेत्र के डूंगला वाणी निवासी जीवन मीना (35), उसकी पत्नी चंपा (30) और उनकी मित्र गुड्डू मीना (26) की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही सुहागपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की सहायता से प्रतापगढ़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई। वहीं पिकअप चालक असलम खान (30) की हालत गंभीर होने पर उसे मध्यप्रदेश के मंदसौर रेफर किया गया है।

पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाने में खड़ा करवाया है। मृतकों के शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story